जांच को पहुंचे अपर मुख्य सचिव

सितारगंज। संपूर्णानंद शिविर (खुली जेल) की भूमि पर अवैध खनन के मामले की बुधवार को अपर मुख्य सचिव राकेश शर्मा ने जांच की। उन्होंने कारागार विभाग, सिडकुल के उच्चाधिकारियों और प्रशासनिक अफसरों के साथ बैठक कर पूछताछ की। अपर मुख्य सचिव शर्मा ने हाईकोर्ट के आदेश पर जांच के मामले में कोई भी प्रतिक्रिया करने से इंकार करते हुए कहा कि जांच रिपोर्ट 16 अगस्त को हाईकोर्ट में पेश की जाएगी।
बता दें कि संपूर्णानंद शिविर की भूमि खाता संख्या 32 के रकबा 39.204 हेक्टेयर में जुलाई 2012 में 60,600 घनमीटर और गत जनवरी में 40,400 घनमीटर में अवैध खनन पाया गया था। इसकी रिपोर्ट एसडीएम मनीष कुमार ने डीमए बीके संत को भेजी थी। डीएम संत की रिपोर्ट पर शासन ने शिविर के तत्कालीन वरिष्ठ जेल अधीक्षक संजीव कुमार शुक्ल को देहरादून कारागार मुख्यालय में अटैच कर दिया था। तत्कालीन वरिष्ठ जेल अधीक्षक शुक्ल ने हाईकोर्ट से मामले में न्याय की गुहार लगाई थी। बीती एक अगस्त को हाईकोर्ट के आदेश पर अपर गृह सचिव मंजुल कुमार जोशी और सिडकुल के एमडी शैलेश बगौली ने जेल पहुंचकर अवैध खनन की जांच की थी।
बुधवार को अपर मुख्य सचिव राकेश शर्मा ने प्रमुख सचिव गृह ओमप्रकाश, सिडकुल के एमडी शैलेश बगोली के साथ खुली जेल पहुंचकर अवैध खनन के मामले में अपने स्तर से जांच की। उन्होंने कारागार दफ्तर में बैठक कर जेल के अफसरों, प्रशासनिक अफसरों और सिडकुल के अफसरों से गंभीरता से पूछताछ की। तत्कालीन वरिष्ठ जेल अधीक्षक संजीव कुमार शुक्ल को भी मौके पर बुलाकर पूछताछ की गई। अपर मुख्य सचिव शर्मा ने कहा कि मामला हाईकोर्ट में होने के इस मामले में वह कोई प्रतिक्रिया नहीं देंगे, जांच रिपोर्ट हाईकोर्ट में प्रस्तुत की जाएगी। इस दौरान एसएसपी रिद्धिम अग्रवाल, वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य, एसडीएम मनीष कुमार, सीओ आरएस ह्यांकी, सिडकुल के एरिया मैनेजर जीपी दुर्गापाल, कोतवाल भूपेंद्र सिंह धोनी, पालिकाध्यक्ष कांता प्रसाद सागर आदि थे।

Related posts