जहर खुरानों ने यात्री को लूटा

टनकपुर। जहर खुरानी गिरोह ने एक और यात्री को अपना शिकार बनाया है, लेकिन इस बार जहर खुरानों ने पर्वतीय मार्ग पर घटना को अंजाम दिया है। रोडवेज वर्कशाप के समीप लावारिश हाल पड़े पीड़ित यात्री को 108 वाहन के स्टाफ ने अस्पताल में भर्ती कराया है।
रोडवेज की बसों और अन्य यात्री वाहनों में जहर खुरानी वारदातें थम नहीं रही हैं। सक्रिय जहर खुरानों पर पुलिस प्रशासन भी नकेल नहीं कस पा रहा है। मंगलवार को एक यात्री को सड़क में लावारिश हाल फेंकने वाले रोडवेज बस के चालक-परिचालक का पुलिस पता नहीं लगा पाई है, लेकिन जहर खुरानों ने बुधवार को एक और यात्री को अपना शिकार बना डाला। पर्वतीय मार्ग में हुई इस वारदात का शिकार बना है ऐंचोली पिथौरागढ़ निवासी परमल चंद (46) पुत्र बजीर चंद। जो आज सुबह सड़क किनारे बेहोशी के हाल में पड़ा मिला। उसकी जेब में न तो रुपये मिले और न कोई आईडी। सामान के नाम पर एक झोला था। सूचना पर 108 वाहन के स्टाफ ने उसे संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया है। होश आने पर उसने अपना नाम और पता तो बताया, लेकिन घटना के बारे में वह ठीक से जानकारी नहीं दे पाया।

Related posts