
करसोग/लडभड़ोल (मंडी)। मंडी जिले में जहरीले पदार्थ के सेवन की दो अलग-अलग घटनाओं में महिला तथा युवती की मौत हो गई। एक मामले में युवती ने जहर निगलकर जान दे दी, जबकि दूसरे में महिला ने गलती से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। पुलिस ने मामले दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पहले मामले में पुलिस थाना करसोग के अंतर्गत खरन गांव की एक 18 वर्षीय युवती ने जहर निगल लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। युवती ने घर पर ही जहर का सेवन किया। बेहोश होने पर परिजन उसे बाद में उपचार के लिए नागरिक चिकित्सालय करसोग ले गए, लेकिन जहर के प्रभाव एवं उपचार देरी से मिलने पर उसकी मौत हो गई। युवती के जहर निगलकर जान देने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। उसने पांच मई को ही पीएमटी का टैस्ट दिया था। करसोग पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। उधर, एक अन्य मामले में लडभड़ोल क्षेत्र के लुहारजोल गांव में 26 वर्षीय महिला ने गलती से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। लडभड़ोल पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार माया देवी (26) पत्नी चेतराम ने बुधवार सुबह करीब दस बजे घर पर गलती से जहरीला पदार्थ निगल लिया। तबीयत बिगड़ने पर उसने अपने पति को फोन कर सूचित किया। महिला का पति तथा अन्य परिजन उसे उपचार के लिए बैजनाथ अस्पताल ले गए, जहां उसने दम तोड़ दिया। लडभड़ोल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों केसुपुर्द कर दिया है। मृतका अपने पीछे दो बच्चे छोड़ गई है। इधर, पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक मंडी आरएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने मामले दर्ज कर लिए हैं। घटना के कारणाें की छानबीन की जा रही है।
