
फतेहपुर (कांगड़ा)। पुलिस थाना फतेहपुर के तहत गांव रे में एक विवाहित युवक ने जहरीला पदार्थ निगलकर अपनी जान दे दी। मृतक की पहचान सलामत अली (35) निवासी रे के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सलामत अली ने शुक्रवार सुबह घर पर कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। तबीयत बिगड़ते ही परिजन उसे बीबीएमबी अस्पताल ले गए, लेकिन अस्पताल में युवक की मौत हो गई। एसएचओ फतेहपुर तिलक राज ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस आत्महत्या के कारणों की छानबीन कर रही है।
राजपुर से चोरी वैन धर्मशाला में बरामद
पालमपुर (कांगड़ा)। इलाके के गांव राजपुर टांडा से दो दिन पहले चोरी हुई वैन को पंचरुखी पुलिस ने बरामद कर लिया है। दुकान के बाहर खड़ी यह वैन 08 मई को चोरी हुई थी। वैन के मालिक प्रवीण कुमार निवासी टांडा ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में कहा था कि 08 मई रात को उसने अपनी वैन दुकान के बाहर खड़ी की थी। लेकिन जब सुबह देखा तो वैन वहां पर नहीं थी। इसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज करवा दी थी। शिकायत दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू की। इसके चलते पुलिस ने इस चोरी हुई वैन को शुक्रवार को धर्मशाला से बरामद कर लिया। उधर, पंचरुखी पुलिस चौकी के प्रभारी सुभाष शास्त्री ने कहा कि पुलिस ने चोरी हुई वैन को धर्मशाला से बरामद किया है। उन्होंने कहा कि वाहन चोर को पुलिस जल्द गिरफ्तार कर लेगी।
