
पुखरी (चंबा)। विकास खंड तीसा की जसौरगढ़ पशु औषधालय में छह माह से ताला लटका हुआ है। कई बार प्रशासन व सरकार से मांग करने के बाद भी औषधालय में चिकित्सक व फार्मासिस्ट की नियुक्ति नहीं की गई है। इसके चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को पशुओं का इलाज करवाने के लिए 15 किलोमीटर दूर नकरोड़ जाना पड़ रहा है। पशु औषधालय में ताला लटका होने के कारण 3000 की आबादी को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों को पशु की मामूली बीमारी के लिए दवाई लेने के लिए पूरा दिन लग जाता है।
स्थानीय ग्राम पंचायत जसौरगढ़ के प्रधान चतरो, उपप्रधान दीवान चंद, महेंद्र कुमार, योग राज, आयूब खान, प्रेम लाल, अमर सिंह, विजय कुमार, जीता आनंद, मोती सिंह, रोशन लाल, तेज सिंह, बलदेव राम, होशियारा राम, जर्म सिंह, चैन लाल, भासी राम, टेक चंद, लच्छो राम, प्रताप चंद, जीवन सिंह, दौलत राम, देवेंद्र कुमार, छोटू, प्रवीन कुमार, नवीन कुमार ने बताया कि पशु औषधालय छह माह से बंद पड़ा हुआ है। अभी तक औषधालय में किसी भी कर्मचारी की नियुक्ति नहीं की गई है।
उधर, पशु पालन विभाग के उपनिदेशक डा. वाईएस राठौर ने बताया कि फार्मासिस्ट का तबादला होने व चपरासी के सेवानिवृत्त होने से दिक्कत पैदा हुई है। सप्ताह में दो दिन मंगलवार व शुक्रवार को सेवाएं देेने के लिए नकरोड़ से कर्मचारी भेजने के आदेश दिए गए हैं।
