
शिमला। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के चुनाव में जसविंद्र सिंह ने दूसरी बार जीत हासिल कर ली है। अध्यक्ष पद प्रत्याशी जसविंद्र सिंह ने परमजीत सिंह को 120 मतों से पराजित किया। जसविंद्र सिंह ने 270 वोट हासिल किए जबकि परमजीत सिंह को 150 मतों से ही संतोष करना पड़ा। परिणाम घोषित होने के बाद दोनों प्रत्याशियों ने गुरुद्वारा साहिब में आयोजित अरदास में हिस्सा लिया। यहां दोनों को सिरोपा भेंट किया गया। चुनाव ओहदेदार सरदार सुरेंद्र सिंह और सरदार कंवलजीत सिंह ने बताया कि गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के चुनाव में लगभग 93 फीसदी वोटिंग हुई। 453 सदस्यों में से 423 सदस्यों ने मतदान किया। मतदान में तीन वोट अवैध घोषित किए गए। गुरुद्वारा बोर्ड के सदस्य व गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के दो बार अध्यक्ष रह चुके सरदार रवैल सिंह ने बताया कि नव निर्वाचित अध्यक्ष एक सप्ताह के भीतर अपनी कार्यकारिणी का गठन करेंगे। अध्यक्ष से अपेक्षा की जाएगी कि वे गुरुनानक देव जी के बताए रास्ते पर चलकर बिना भेदभाव समुदाय की सेवा के लिए जी जान से काम करेंगे।
जनरल हाउस में रखा आय-व्यय का ब्योरा
शिमला। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के चुनाव के चलते रविवार को सिख समुदाय में उत्साह का माहौल रहा। सुबह से ही गुरुद्वारा साहिब में लोगों के आने जाने का क्रम शुरू हो गया। गुरुद्वारा साहिब में सुबह साढ़े दस बजे जनरल हाउस आयोजित किया गया, जिसमें करीब दो सौ से अधिक सदस्यों ने हिस्सा लिया। गुरुद्वारा बोर्ड के सदस्य सरदार रवैल सिंह, सरदार सुरेंद्र सिंह, सरदार सोहन सिंह, सरदार गुरुमुख सिंह व सरदार अमरीक सिंह की उपस्थिति में पूर्व कार्यकारिणी ने आय व्यय का लेखा जोखा सौंपा। आम सभा के दौरान सर्वसम्मति से चुनाव आयोजित करने के लिए सरदार सुरेंद्र सिंह और सरदार कंवलजीत सिंह को ओहदेदार चुना गया।
तीन घंटे चला मतदान
गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के चुनाव के लिए जनरल हाउस के बाद दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे के बीच तीन घंटे तक वोटिंग हुई। वोटिंग के बाद शाम पांच से छह बजे तक मतों की गिनती हुई और छह बजे परिणाम घोषित कर दिया गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष की प्राथमिकताएं
– खालसा स्कूल को पुन: खुलवाना
– गुरुद्वारा साहिब की पार्किंग का निर्माण कार्य जल्द पूरा करवाना
– गुरुद्वारा साहिब में और बेहतर तरीके से धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन
