जश्न के साथ नए साल का अभिनंदन

धर्मशाला (कांगड़ा)। जिला मुख्यालय धर्मशाला सहित सभी इलाकों में ढोल-धमाकों के साथ नववर्ष-2014 का जश्न मनाया गया। साल के आखिरी दिन पहाड़ों पर हुए हिमपात ने सैलानियों की खुशी और बढ़ा दी। धर्मशाला और मैकलोडगंज में मंगलवार को पर्यटकों का हुजूम उमड़ पड़ा। कड़ाके की ठंड भी धर्मशाला और मैकलोडगंज के बाजार भरे रहे। हालांकि, बीच-बीच में बारिश ने जरूर उनको परेशान किया। धर्मशाला और मैकलोडगंज के होटलों और रेस्तरां में देर रात तक न्यू ईयर की पार्टियां चलीं। शहरों में कई लोगों ने होटलों में तो कइयों ने अपने घर पर डीजे की धुनों पर डांस कर नए साल का जश्न मनाया। ग्रामीण इलाकों में लोग खुले में ही कई जगहों पर रात तक नए साल का जश्न मनाते रहे। उधर, बारिश भी बार-बार खलल डालती रही, लेकिन जश्न की मस्ती में इस खलल की परवाह किसे थी। मंगलवार आधी रात को लोगों ने पटाखे फोड़े और आसमान में हवाइयां छोड़ीं। इसके साथ ही मोबाइल पर एसएमएस तथा फोन कर लोगों को आधी रात से ही नववर्ष की शुभकामनाओं व बधाइयों का दौरा शुरू हो गया। शाम से ही युवा अपनी गाड़ियों में जोर जोर से साउंड सिस्टम बजाकर मस्ती करने में मशगूल
हो गए।
नए साल के जश्न के दौरान कोई अप्रिय घटना न हो, इसके लिए पुलिस भी मुस्तैद रही। पुलिस ने मैकलोडगंज में सुरक्षा के लिहाज से दो रिजर्व तैनात पहले से ही कर रखी थीं। मैकलोडगंज में कोई हुड़दंग न मचाए, इसके लिए पुलिस वीडियोग्राफी भी कर रही थी। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से शाहपुर और देहरा में पहले ही नाके लगा रखे थे। एएसपी मोहित चावला भी हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए शाम को मैकलोडगंज पहुंच गए। वह देर रात तक हर गतिविधि पर नजर बनाए रहे। एएसपी मोहित चावला ने बताया कि नए साल के जश्न में कोई अप्रिय घटना न हो, इसके लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
साल के आखिरी दिन होटल रहे पैक
धर्मशाला और मैकलोडगंज के अधिकतर होटल वर्ष के आखिरी दिन पैक रहे। इससे होटल कारोबारियों के चेहरे चमक गए। पर्यटन निगम के होटलों में आक्यूपेंसी रेट फुल रहा।

Related posts