
बिलासपुर। शहर के डियारा सेक्टर तथा हाउसिंग बोर्ड कालोनी में पेयजल आपूर्ति ठप हो गई है। मंगलवार को नलों से पानी की एक बूंद तक नहीं टपकी। इसके चलते लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा। आईपीएच की पेयजल योजना की पंप मशीन ने जवाब दे दिया है। समस्या का कारण यही बताया जा रहा है। ऐसे में संबंधित क्षेत्रों में कम से कम अगले दो दिन तक पानी का संकट बरकरार रहने के आसार हैं।
मंगलवार को शहर के ढाई हजार से अधिक आबादी वाले डियारा सेक्टर तथा हाउसिंग बोर्ड कालोनी के फेज़-एक व दो में पानी की आपूर्ति नहीं हुई। लोग सुबह से इंतजार करते रहे, लेकिन नलों से पानी की एक बूंद तक नहीं टपकी। जब काफी देर तक स्थिति जस की तस रही तो उन्होंने खाली बरतन उठाए हैंडपंपों का रुख किया। चूंकि हैंडपंप भी सीमित ही हैं, ऐसे में पानी भरने के लिए वहां पर थोड़ी ही देर में लोगों का जमघट लगना शुरु हो गया। जिस तरह प्रसिद्ध मंदिरों में दर्शन के लिए कतारें लगी रहती हैं, उसी तरह हैंडपंपों पर भी लंबी लाइनें नजर आईं।
कमल गौतम, प्रेमचंद शर्मा, रितेश, भारत भूषण, शान अली, अश्वनी कुमार, दीपराज, दौलतराम शर्मा, ओमप्रकाश व दीपक ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से नलों में मटमैला पानी आ रहा था, लेकिन मंगलवार को एक बूंद तक नहीं टपकी। बरसात के मौसम में भी पानी का जुगाड़ करने के लिए लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। इससे उनके अन्य कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। उधर, आईपीएच विभाग के सहायक अभियंता सुखराम चौधरी ने कहा कि नाला का नौण उठाऊ पेयजल योजना के पंपिंग सेटों में तकनीकी खराबी के कारण समस्या पैदा हुई है। इसके चलते डियारा तथा हाउसिंग बोर्ड कालोनी में अगले दो दिन तक पानी की आपूर्ति नहीं हो पाएगी। मशीनरी को मरम्मत के लिए भेज दिया गया है।
