
हल्द्वानी। इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड इवेंट आर्गनाइजेशन की प्रदर्शनी में आईटीबीपी जवानों ने आपदा से बचने के तरीकों के साथ ही विपदा के समय हौसला बनाए रखने की कला सिखाई। सेना के जवानों ने युवाओं में देश सेवा का जज्बा भरने के लिए स्टाल लगाए और बताया कि कैसे सेना में भर्ती होने की तैयारी की जाए। प्रदर्शनी का शुभारंभ वित्तमंत्री इंदिरा हृदयेश और श्रम मंत्री हरीशचंद्र दुर्गापाल ने किया। डा. हृदयेश ने कहा कि इस तरह की प्रदर्शनी हर वर्ग के लिए लाभप्रद हैं। श्री दुर्गापाल ने कहा कि इससे सेना में जाने की चाह रखने वाले युवाओं को खासा लाभ मिलेगा।
प्रदर्शनी में आपदा और रोजगार के संबंध में जानकारी देने के अलावा करीब 150 स्टाल लगे हैं। बांग्लादेश से भी लोग आए हैं। इसमें जूट संबंधी जानकारी दी जा रही है। इसके करीब 15 स्टाल लगे हैं। आर्गनाईजेशन के चेयरमैन बीएस नेगी ने बताया कि प्रदर्शनी 15 अगस्त को समाप्त होगी। बृहस्पतिवार को उद्घाटन अवसर पर हरियाणा के राज्यमंत्री चंद्र शर्मा और बद्री-केदार मंदिर प्रबंध समिति के पूर्व अध्यक्ष नंदकिशोर नौटियाल, पूर्व पालिकाध्यक्ष हेमंत बगड्वाल आदि लोग थे।
