जवानों के परिजनों का ध्यान रखने के निर्देश

डीडीहाट। एसएसबी के महानिरीक्षक (आईजी) श्याम सिंह ने सीमा पर तैनात बार्डर आउट पोस्ट (बीओपी) का मुआयना किया। उन्होंने गोठी, जौलजीबी और धारचूला बीओपी का मुआयना करते हुए मुस्तैदी से सीमा की सुरक्षा कर रहे जवानों की पीठ थपथपाई। साथ ही उच्च हिमालयी क्षेत्रों में तैनात कर्मियों के परिजनों की समस्याओं के निराकरण के वाहिनी मुख्यालय को निर्देश दिए।
आईजी ने बताया कि नेपाल से लगी 128 किलोमीटर की सीमा की हिफाजत कालापानी, गुंजी, गर्ब्यांग, तवाघाट, दोबांस, धारचूला, जौलजीबी, बलुवाकोट, गोठी, बगड़ीहाट, झूलाघाट आदि बीओपी के माध्यम से की जा रही है। श्याम सिंह ने जवानों के परिजनों से परेशानी के निराकरण के लिए वाहिनी मुख्यालय में फरियाद करने का सुझाव भी दिया। आईजी ने स्थानीय प्रशासन से भी मुलाकात की। 11वीं वाहिनी के प्रभारी सेनानायक एसडी शेरखाने को आपदा राहत के कार्य में मदद जारी रखने के निर्देश दिए। साथ ही एसएसबी द्वारा धारचूला और मुनस्यारी क्षेत्र में की गई मदद के लिए सेनानायक की पीठ थपथपाई गई। इस मौके पर सहायक सेनानी जेएचएस मिन्हास, बीएस मेहरा सहित तमाम अधिकारी मौजूद थे।

Related posts