
रामपुर बुशहर। निरमंड ब्लॉक के तहत आने वाली पंचायताें में कार्यरत करीब 32 जल रक्षकों को सोलह माह से वेतन न मिलने के कारण आर्थिक संकट से जूझना पड़ रहा है। जल रक्षकों का कहना है कि आईपीएच विभाग ने उनके कार्य की कोई समय सीमा निर्धारित नहीं की है। इसके चलते उन्हें अतिरिक्त कार्य करना पड़ रहा है। जल रक्षकों की समय सीमा सुबह नौ से एक बजे तक की गई है।
इसके बावजूद भी ये कर्मचारी दिन भर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वहीं सात साल पूरा कर चुके जल रक्षकों को विभाग द्वारा नियमित भी नहीं किया जा रहा है। हालांकि उन्होंने कई बार आईपीएच विभाग को अपनी समस्याआें से अवगत भी करवाया, लेकिन विभाग उनकी मांगों पर कोई गौर नहीं कर रहा है। बीते दिनों जल रक्षक कमेटी ने स्थानीय विधायक खूब राम और आईपीएच विभाग के एसडीओ डीडी मिश्रा को अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा और जल्द ही वेतन देने की मांग की। जल रक्षक कमेटी के प्रधान लायक राम, सचिव चंद्र प्रकाश, रमेश चंद, राजेंद्र शुक्ला, विजेश कुमार, टेक सिंह, बलवीर, प्रताप, कृष्ण लाल, बुध राम और गोविंद का कहना है कि जल रक्षकों को पांच से सोलह माह का वेतन नहीं मिल पाया है, जिसके चलते उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विभाग को कई बार इस समस्या से अवगत भी करवाया गया, लेकिन विभाग द्वारा उनकी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने विभाग से समय पर वेतन देने की मांग की है। वहीं इस बारे में निरमंड आईपीएच विभाग के एसडीओ डीडी मिश्रा का कहना है कि जल रक्षकों का वेतन सरकार द्वारा जारी नहीं किया गया है। जब सरकार से राशि जारी की जाएगी तो जल रक्षकों को वेतन दे दिया जाएगा।
