जल्द जेसीसी बैठक नहीं बुलाई, तो प्रदर्शन

चंबा। जिला अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने संयुक्त सलाहकार समिति की बैठक न बुलाने पर रोष प्रकट किया है। महासंघ ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द संयुक्त सलाहकार समिति की बैठक बुलाई जाए। साथ ही चेतावनी दी है कि अगर शीघ्र बैठक नहीं बुलाई गई, तो महासंघ रोष स्वरूप धरना-प्रदर्शन करेगा। जिला अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के प्रधान सतपाल ठाकुर ने बताया कि डेढ़ वर्ष से संयुक्त सलाहकार समिति की बैठक नहीं हो पाई है। इसके कारण कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर उपायुक्त चंबा को महासंघ की जिला इकाई के संबंध में कोई आशंका है, तो वे सरकारी तंत्र के माध्यम से रिपोर्ट मंगवा सकते हैं। महासंघ के चुनाव संविधान के अनुसार करवाए गए हैं। उन्होंने बताया कि दूसरे पक्ष की बात करें तो मुट्ठी भर कर्मचारियों ने दो घंटे के भीतर एक-दूसरे को हार डलवाकर कार्यकारिणी बनाई है। उन्होंने कहा कि इनके चुनाव बंद कमरे में हुए हैं और ये लोग बैठक के लिए दावा नहीं कर सकते हैं। सतपाल ठाकुर ने कहा कि जिला भर के कर्मचारी भी यह बात जानते हैं कि कौन कर्मचारी वर्ग का हितैषी है। संयुक्त सलाहकार समिति की बैठक बीते वर्ष छह जुलाई, 2012 को हुई थी। उसके बाद तीन बैठकों का आयोजन नहीं किया गया है। बैठक न होने से कई समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। इससे कर्मचारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिला प्रधान ने बताया कि आवासों की मरम्मत, रंग रोगन, वायरिंग नहीं हो रही है। समय पर 4-9-14 की वेतन वृद्धि नहीं दी जा रही है। साथ ही स्वास्थ्य, यात्रा भत्तों व जीपीएफ का समय पर भुगतान नहीं हो रहा है। इससे चलते कर्मचारी परेशान हैं।

Related posts