
गोहर (मंडी)। जिला स्तरीय ख्योड़ नलवाड़ मेले का धूमधाम से आगाज किया गया। मेले का शुभारंभ अतिरिक्त उपायुक्त गोपाल चंद शर्मा ने बैलों की पूजा-अर्चना करने के बाद ख्योड़ मेला मैदान में खूंटी गाड़ कर किया। बासा विश्राम गृह में मुख्य अतिथि अतिरिक्त उपायुक्त गोपाल चंद शर्मा समेत गोहर के सभी प्रशासनिक अधिकारियों ने पगड़ियां बांधकर मेले के शुभारंभ पर बैंडबाजे के साथ निकली जलेब में भाग लिया। ख्योड़ नलवाड़ मेले में मुख्य अतिथि ने मेले में आए देवी देवताओं की पूजा अर्चना की। एडीसी गोपाल चंद शर्मा ने कहा कि ख्योड़ नलवाड़ मेला आपसी भाईचारे का प्रतीक है। इस मेले में नाचन, सराज, बल्ह और करसोग समेत मंडी जिले के अनेक विस क्षेत्रों के लोगों का मेल-मिलाप होता है। एडीसी ने लोगों को सायर उत्सव की बधाई दी। नलवाड़ मेले के पहले दिन ख्योड़ में प्रदेश भर से बैलों के व्यापारी पहुंचना शुरू हो गए हैं। नलवाड़ मेला स्थल पर व्यापारी बैलों की बोली लगाने में मशगूल हो गए हैं। शुभारंभ पर देवी देवताओं के रथों ने भी मेले की शोभा बढ़ाई। ढोल नगाड़ों और देवी देवताओं के पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुनों से ख्योड़ मेला देवमयी बना रहा।
ख्योड़ नलवाड़ मेले के शुभारंभ अवसर पर एसडीएम गोहर दिलेराम धीमान, जिला सहायक न्यायवादी जितेंद्र गोस्वामी, विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता बीएल शर्मा, लोनिवि के अधिशासी अभियंता केके शर्मा, आईपीएच विभाग के सहायक अभियंता भूप सिंह, खंड विकास अधिकारी रविंद्र प्रकाश, एसएचओ नवीन झालटा, नाचन युकां के पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार शर्मा, रोशन लाल शर्मा, डीएवी के प्रधानाचार्य उपेंद्र शर्मा, चमन उपमन्यु, चच्योट के उप प्रधान महेंद्र वर्मा, लाभ चंद शर्मा, घनश्याम शर्मा, शिवानी चौहान, दीवान चंद शर्मा, नरेंद्र शर्मा समेत कई गणमान्य लोेगों ने शिरकत की।
