
ऊना। जिला अंशकालिक एवं जलवाहक कम सेवादार कर्मचारी संघ ने अपने लंबित मांगों को लेकर तल्ख तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। जिला अध्यक्ष एवं जिला महासचिव सुनिल बनियाल एवं केशवानंद ने प्रदेश सरकार के समक्ष अपनी मांगों को दोहराया। जिला महासचिव केश्वानंद ने कहा कि शिक्षा विभाग में कार्यरत जलवाहक कम सेवादारों को एक मुश्त छूट देकर या आयुर्वेदिक विभाग की तर्ज पर शिक्षा विभाग में रिक्त पड़े पदों में सेवादारों के पदों पर नियुक्त किया जाए। यह कर्मचारी पिछले 15 वर्षों से कम मानदेय में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
उन्होंने बताया कि विभाग में सेवादारों के दो हजार पद रिक्त पडे़ हुए हैं तथा अंशकालिक जलवाहकों का मानदेय 1300 से बढ़ाकर तीन हजार रुपये मासिक किया जाए। इस महंगाई के दौर में जलवाहक अपना एवं अपने परिवार का निर्वहन करने में परेशानियों से जूझ रहे हैं। पिछले काफी समय से विभाग में कोई पदोन्नति नहीं हुई है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि उनकी मांगों को लेकर शीघ्र उचित कार्रवाई की जाए।
