जलभराव पर जेसीबी ने फेरा पानी

भगवानपुर। तहसील प्रशासन उद्यमियों को दिए गए आश्वासन को पूरा करने में नाकाम रहा है। औद्योगिक क्षेत्र की जलनिकासी की समस्या जस की तस बनी हुई है। तहसील प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारी औद्योगिक क्षेत्र पहुंचे तो जरूर, लेकिन खाली हाथ। खुद जेसीबी की व्यवस्था करने के बजाय प्रशासन उद्यमियों से व्यवस्था करने को कहता रहा, जिसके चलते जलभराव की समस्या से निजात नहीं मिल पाई।
बृहस्पतिवार को औद्योगिक क्षेत्र में जलनिकासी की व्यवस्था करने की मांग को लेकर उद्यमी धरने पर बैठ गए थे। उद्यमियों के धरने पर बैठने के बाद विधायक प्रदीप बत्रा और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सोनिका मौके पर पहुंची। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने उद्यमियों को आश्वासन दिया था कि शुक्रवार को एनएच के अधिकारियों को मौके पर भेजकर जलनिकासी के इंतजाम करवाए जाएंगे। इस आश्वासन के बाद उद्यमियों ने धरना खत्म कर दिया था। शुक्रवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के निर्देश पर तहसीलदार शाहीद हुसैन, लेखपाल मोहम्मद फैजान, संजय कुमार और एनएच के सहायक अभियंता संजय सैनी मौके पर पहुंचे। अधिकारी मौके पर तो पहुंचे, लेकिन खाली हाथ। अधिकारियों ने उद्यमियों को भी मौके पर बुला लिया। अधिकारियों ने पानी निकासी के लिए नाला खुदाई के लिए जेसीबी की व्यवस्था करने को कहा। उद्यमियों ने जेसीबी की व्यवस्था करने में असमर्थता जताई। उद्यमियों का कहना था कि जेसीबी की व्यवस्था प्रशासन और एनएच विभाग को करनी चाहिए। जेसीबी की व्यवस्था नहीं होने पर अधिकारी खाली हाथ लौट आए। भगवानपुर इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष गौतम कपूर का कहना है कि यह काम प्रशासन को करना था, लेकिन वह उद्यमियों से जेसीबी उपलब्ध कराने की बात करने लगे।

बोले उद्यमी
यदि उद्यमियों को ही सब व्यवस्था करनी है तो फिर प्रशासन से मदद क्यों मांगते, प्रशासन को जलनिकासी का इंतजाम करना चाहिए।
– नवीन कुमार मिगलानी

प्रशासन ने वायदा किया है इसलिए उसे पूरा करना चाहिए, उद्योगों को बचाने के लिए जलनिकासी जरूरी है।
– पंकज शर्मा

तहसील प्रशासन को उद्यमियों की मदद करनी चाहिए,उद्यमी उद्योग बंद होने से पहले ही घाटे में हैं।
– केके मिश्रा

उद्योग बंद होने से उद्यमी ही नहीं स्थानीय लोग भी परेशान हैं, हजारों लोगों की रोजी रोटी पर संकट मंडरा रहा है।
– विनय भाजकर

शुक्रवार को क्या हुआ इसकी रिपोर्ट अभी तहसीलदार ने नहीं दी है। तहसील प्रशासन जेसीबी की व्यवस्था करेगा और शनिवार को जलनिकासी की जाएगी।

Related posts