
पधर (मंडी)। चौहारघाटी की ग्राम पंचायत कथोग के दुर्गम पेखरा गांव के लोगों ने विद्युत विभाग से गांव की विद्युत लाइन की मरम्मत करने की मांग उठाई है। बिजली के आने-जाने के क्रम से लोग परेशान हैं। ग्रामीण देश राज, सूरज सिंह, प्रेम सिंह, शेष राम, कालू राम, हुकम चंद, टेक चंद, हंस राज, निर्मला देवी, मंगत राम, गोरखू राम, मूली देवी, नीला देवी, इंद्र सिंह, भाग सिंह ने कहा कि विद्युत विभाग ने गांव को सिंगल फेज लाइन बिछाई है, जो पुरानी है। गांव का लोड बढ़ने से आपूर्ति ठप हो जाती है। बरसात और सर्दी के मौसम में भी ग्रामीणों को परेशानी झेलनी पड़ती है।
लोगों ने गांव की विद्युत लाइन की मरम्मत के मामले को पंचायत की ग्राम सभा में उठाया था और पंचायत से प्रस्ताव पारित कर विभाग के उपमंडल कार्यालय पधर को भेजा था, जिस पर कई महीने बीत जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि गांव के लिए बिछाई गई लाइन को बदला जाए और नए पोल यहां के लिए लगाए जाएं। इधर, विभाग के सहायक अभियंता ओसी वर्मा ने कहा कि ग्रामीणों की बिजली की समस्या को दूर करने के लिए प्रारूप तैयार करने के निर्देश दे दिए हैं।
