जयानंद भारती जिले के लिए होगा बड़ा आंदोलन

बैजरो। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी जयानंद भारती जिला निर्माण संघर्ष समिति ने अलग जिला बनाने की मांग को लेकर आंदोलन का एलान किया है। समिति की बैठक में कहा गया कि जल्दी जिले की घोषणा नहीं की तो व्यापक जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
बीरोंखाल में समिति की बैठक में सदस्यों ने कहा कि नौ महीने पहले उन्होंने मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, राजस्व मंत्री यशपाल आर्य, राजस्व आयुक्त को जिला निर्माण के लिए ज्ञापन सौंपा। कहा गया कि बीरोंखाल, धुमाकोट, रिखणीखाल और आस-पास के क्षेत्र को मिलाकर अलग जिला बनाया जाए। बैठक में कहा गया कि पूर्व में सीएम की ओर से जिला पुनर्गठन समिति से प्रस्तावित जिलों की रिपोर्ट मांगी गई। जिसमें जयानंद भारती जिला भी शामिल था। इस पर सीएम ने छह महीने के अंदर निर्णय लेने का आश्वासन दिया था, लेकिन नौ महीने बाद भी कोई प्रगति नहीं हो पाई है। जिससे समिति के सदस्यों में रोष है।
बैठक में कहा गया कि जिला मुख्यालय से काफी दूर होने से यह क्षेत्र विकास के क्षेत्र में लगातार पिछड़ रहा है। जिला बनने के बाद यहां का विकास हो सकेगा। स्थानीय जरूरतों को देखते हुए जिला निर्माण आवश्यक है। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष चित्र सिंह कंडारी और संचालन प्रदीप कुमार ने किया। इस अवसर पर हेमराज प्रियव्रत, ओमपाल बिष्ट, धीरज सिंह आर्य, ध्यानपाल गुसाईं, कल्पेश्वरी, बसंती जुयाल, रविंद्र रावत आदि मौजूद थे।

Related posts