
जयसिंहपुर/पंचरुखी (कांगड़ा)। इलाके में हो रही भारी बरसात से जयसिंहपुर और पंचरुखी इलाकों में दो मकान ढह गए। इससे भारी नुकसान हुआ है। हालांकि किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।
जयसिंहपुर इलाके के गांव टंबर में रमेश चंद का मकान गिर गया। जब यह मकान गिरा तो रमेश चंद का सारा परिवार बाहर था। अन्यथा कोई बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि मकान गिरने से घर का सारा सामान मलबे के अंदर दब गया है। इस पर एसडीएम जयसिंहपुर डा. विक्रम महाजन ने स्थानीय पटवारी को नुकसान का जायजा लेने के आदेश दिए हैं। जबकि जयसिंहपुर के विधायक यादवेंद्र गोमा ने भी प्रशासन को रमेश चंद की सहायता करने के आदेश दिए हैं। दूसरी ओर, पंचरुखी की पंचायत ब्याड़ा के गांव नरेलू में लेखराज का मकान गिर गया है। इससे घर का सामान मलबे में दब गया है। पंचायत प्रधान बलदेव कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए प्रशासन व सरकार से पीड़ित परिवार को फौरी राहत की मांग की है। पटवारी विनय शर्मा ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा ले लिया है।
