जयराम ठाकुर की नामांकन रैली में उमड़ा जन सैलाब, सीट पर काबिज होने का किया दावा

मंडी। मंडी उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी जयराम ठाकुर के नामांकन रैली में कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटाने में भाजपा पीछे नहीं रही। कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के नामांकन रैली की तर्ज पर भाजपा ने भी अपना शक्ति प्रदर्शन करके इस सीट पर काबिज होना का दावा किया है। संसदीय क्षेत्र के 17 विधानसभा हलकों से आए कार्यकर्ताओं में उपचुनाव जीतने के लिए भारी उत्साह दिखाई दिया। नामांकन रैली में ढोल नगाड़ों की गूंज के साथ युवा कार्यकर्ता मंडी पहुंचे। वहीं पार्टी के शीर्ष नेताओं ने भी चुनाव हुंकार भरकर कार्यकर्ताओं में उपचुनाव जीतने का जोश भरा।
शनिवार को नामांकन परचा दाखिल करने के बाद भाजपा प्रत्याशी जयराम ठाकुर को पार्टी कार्यकर्ता कंधों पर उठाकर ढोल नगाड़ों की गूंज के साथ सेरी मंच तक लाए। मंच पर पहुंचते ही हजारों की संख्या में आए पार्टी कार्यकर्ताओं ने नारों व तालियों से उनका स्वागत किया। साथ ही पार्टी के शीर्ष नेता पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, शांता कुमार व प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बलवीर पुंज का स्वागत किया।
नामांकन रैली में शक्ति प्रदर्शन करने में भी भाजपा कार्यकर्ता पीछे नहीं रहे। भाजपा प्रत्याशी जय राम ठाकुर के समर्थन में हर विधानसभा हलके के कार्यकर्ताओं ने अपनी हाजिरी लगाकर चुनावी हुंकार भरी। कार्यकर्ताओं की उमड़ी भीड़ व उत्साह को देखते हुए पार्टी नेता भी चुनावी जीत को आश्वस्त दिखे। कार्यकर्ताओं से पूरा सेरी मंच खचाखच भरा। पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रेम कुमार धूमल व शांता कुमार का भाषण सुनने के लिए कार्यकर्ता सभा के अंत तक अपने-अपने स्थानों पर डटे रहे। बीच-बीच में धूमल-शांता व पार्टी प्रत्याशी जय राम ठाकुर के नारों से सेरी मंच गूंजता रहा। उपचुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं के जोश व जज्बे ने वरिष्ठ नेताओं को जीत का भरोसा दिलाया। इस नामांकन रैली में उत्तराखंड से सटे प्रदेश के चौपाल निर्वाचन क्षेत्र से मण्डल अध्यक्ष सुरेन्द्र तंगराईक, मण्डल कार्यालय सचिव मनोहर शर्मा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शशीदत शर्मा, सीमा मैहता, महिला मोर्चा से उमा देवी, मंडल युवा मोर्चा से गुलाब राणा, नरेन्द्र शटाईक, धर्मेन्द्र ठाकुर, श्याम पंवार, अनिल रचाईक, सहित सैकड़ो कार्यकर्ताओ ने मंडी नामांकन रैली में बडचढ़ कर भाग लिया।

Related posts