
गोहर/ सरकाघाट (मंडी)। भाजपा प्रत्याशी जयराम ठाकुर के गृह विधानसभा क्षेत्र सराज में कुल 66 फीसदी मतदान हुआ। सराज के दुर्गम क्षेत्रों में लोगों ने खेतीबाड़ी का कामकाज छोड़ कर मताधिकार का प्रयोग किया। सराज विधानसभा क्षेत्र में कुल 68,874 मतदाता हैं। जिसमें पुरुष मतदाता 35674 और महिला मतदाता 33200 शामिल हैं। रविवार को 44929 मतदाता ने वोट डाले। जिसमें पुरुष 24186 और महिला वोटर 20746 शामिल हैं। सराज में मौसम सुहावना होने के साथ ही मतदान केंद्रों में वोट डालने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। एसडीएम गोहर दिलेराम धीमान ने सराज विस क्षेत्र में 66 फीसदी मतदान की पुष्टि की है। सराज क्षेत्र में 116 बूथों पर मतदान शांतिपूर्ण रहा। उधर, सरकाघाट विस क्षेत्र में 50.51 फीसदी मतदान हुआ। कुल 76391 मतदाताओं में से 38582 मतदाताओं ने वोट डाले। जिसमें 17904 पुरुष और 20670 महिला मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। इस विधानसभा क्षेत्र में 106 बूथों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से हुआ।
