जम्मू से चला बीआरओ कर्मी रास्ते से गायब

पिथौरागढ़। जाखनी निवासी सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) कर्मी मान सिंह ऐरी एक सप्ताह से लापता है। सेवानिवृत्ति के बाद वह जम्मू से पिथौरागढ़ के लिए चले थे, लेकिन घर नहीं पहुंचे। उनकी कोई खोज-खबर नहीं मिलने से परिजन परेशान हैं। इसकी जानकारी उन्होंने यहां के बीआरओ कार्यालय और पुलिस को दी है।
जम्मू में तैनात बीआरओ कर्मी मान सिंह ऐरी 31 अगस्त को सेवानिवृत्त हुए। इसी दिन उन्होंने पत्नी जानकी से बात की। दो सितंबर को वह जम्मू से पिथौरागढ़ को चले थे, लेकिन नौ सितंबर तक न तो वे यहां पहुंचे और न ही उनकी कोई जानकारी मिल सकी है। उनके पिथौरागढ़ पहुंचने की जानकारी बीआरओ के जम्मू कार्यालय ने फोन कर जाननी चाही तो पत्नी को उनकी गुमशुदगी का पता चला। परेशानहाल पत्नी और परिजनों ने यहां बीआरओ कार्यालय में संपर्क किया, लेकिन फिलहाल मान सिंह का कोई पता नहीं चल सका है। जानकी ने कोतवाली को भी पति की गुमशुदगी की जानकारी दी है।

Related posts