जमीन समतल करने की आड़ में अवैध खनन

बद्दी (सोलन)। जमीन को समतल करने के नाम पर बीबीएन में अवैध खनन जोरों पर हो रहा है। प्रदेश सरकार की ओर से रात में खनन करने और खनन सामग्री की आवाजाही पर रोक लगाने के बावजूद भी अवैध खनन थमने का नाम नहीं ले रहा है। यही नहीं जमीन को समतल करने की आड़ में भी जमकर अवैध खनन किया जा रहा है। बद्दी पुलिस ने बरोटीवाला में ऐसा ही मामला पकड़ा है। समतल करने की अनुमति लेकर निजी जमीन पर अवैध खनन करते हुए पुलिस ने एक जेसीबी और एक टिप्पर को पकड़ा है। वाहन संचालकों से 32 हजार का जुर्माना वसूला है।
बीबीएन क्षेत्र पंजाब और हरियाणा की सीमा पर स्थित होने से यहां के खनन सामग्री पड़ोसी राज्य में आसानी से बिक जाती है। सरकार के भले ही रात्रि के दौरान खनन सामग्री पर रोक लगा रखी है, लेकिन यहां पर खनन कार्य रात्रि को ही होता है। अभी तक रात्रि के दौरान ही खनन के मामले पकड़े गए हैं। रात्रि के दौरान खनन विभाग के कोई भी सुरक्षा कर्मी तैनात नहीं होता है। अहसास संस्था के निदेशक बबलू पंडित, समाज कल्याण यंग स्टार क्लब के अध्यक्ष राजेंद्र राणा, बीडीसी वाइस चेयरमैन बलविंद्र ठाकुर, मोहम्मद आशिक ने बताया कि क्षेत्र में खनन माफिया सक्रिय है। एक सौ फीट खनन सामग्री का रेट हरियाणा और पंजाब में एक हजार रुपये मिलता है। एक ट्रैक्टर में 120 फीट खनन सामग्री आती है। इसके अलावा टिप्पर में चार सौ फीट माल आता है। एक ट्रैक्टर ट्राली की खनन सामग्री जहां 12 सौ रुपये तक बिक जाती है, वहीं एक टिप्पर चार हजार रुपये में आसानी से बिक जाता है। इसके अलावा बीबीएन में एक दर्जन क्रेशर हैं, जहां पर खनन सामग्री खरीदी जाती है। बद्दी के एसपी ने दो सप्ताह पूर्व बरोटीवाला में क्रेशर संचालकों के साथ बैठक करके अवैध खनन सामग्री न लेने की अपील की थी, लेकिन उसका भी इस पर कोई असर नहीं पड़ा है।
कोट
एसपी अरुल कुमार ने बताया कि बरोटीवाला थाना के तहत कुल्हाड़ी वाला में जीत राम की जमीन पर अवैध खनन करते हुए एक जेसीबी और एक टिप्पर को पुलिस ने पकड़ा है। जीत राम का कहना है कि वह जमीन समतल करा रहा था, लेकिन बीबीएन में जमीन सीधी करने के नाम पर ही खनन हो रहा है। पुलिस ने जेसीबी संचालक पर 25 हजार और टिप्पर संचालक पर 72 सौ रुपये का जुर्माना लगाया है।

केस एक
22 अप्रैल को बरोटीवाला के मधाला में माध्य रात्रि खड्ड से अवैध खनन करते हुए तीन टिप्पर व एक जेसीबी को लोगों ने मौके से पकड़ा था। खनन करने वाले लोग स्थानीय लोगों और पुलिस के आने से पहले ही हरियाणा की सीमा पार कर गए थे।

केस नंबर दो-
26 अप्रैल को बिलांवाला से चार टिप्पर और एक जेसीबी खनन करने के बाद रात्रि करीब दस बजे सीमा पार कर रहे थे। इसी बीच खनन विभाग के चौकीदार ने एसडीएम को सूचित कर वाहनों को पुलिस की मदद से पकड़ने में सफलता प्राप्त की।

केस नंबर तीन-
28 अप्रैल को बद्दी पुलिस टोल बैरियर के समीप एक निजी जमीन पर दो टिप्पर व दो जेसीबी को रात्रि के दौरान मौके पर ही दबोचा। यहां पर जमीन समतल करने केे नाम पर खनन हो रहा था। पुलिस ने मौके पर ही 95 हजार रुपये जुर्माना वसूला।

Related posts