जमीन में टाट-पट्टी बिछाकर ग्रहण कर रहे उच्च शिक्षा

सराहां (सिरमौर)। डिग्री कॉलेज सराहां में उच्च कक्षाओं में पढ़ रहे छात्र-छात्राएं टाट-पट्टी पर बैठ कर शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। सुनने में कुछ अटपटा लग रहा है, मगर हकीकत यही है। कॉलेज में अभी तक 81 बच्चों ने दाखिला ले लिया है। इनमें से 58 बच्चे आर्ट्स विषय तथा 32 बच्चे कॉमर्स विषय को पढ़ रहे हैं, मगर इनमें से किसी को भी बैठने के लिए डेस्क उपलब्ध नहीं हैं। कुछ अभिभावकों का कहना है कि सराहां कॉलेज पर राजनीति करने की बजाय उनके बच्चों को समुचित सुविधाएं दी जानी चाहिए।
लिहाजा बीए तथा बीकॉम में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं को जमीन पर टाट बिछाकर प्रवक्ताओं का इंतजार करना पड़ रहा है। समस्याएं यहीं खत्म नहीं होती। कॉलेज में कॉमर्स के 23 छात्रों को पढ़ाने के लिए एक अदद प्रवक्ता तक नहीं। शुरू से ही कॉलेज में कॉमर्स प्रवक्ता का पद रिक्त चल रहा है। जानकारों का कहना है कि कांग्रेस तथा भाजपा में शुरू से ही सराहां कॉलेज को लेकर विवाद बना रहा। दोनों ही दल कॉलेज खोले जाने के श्रेय को लेकर समय-समय पर बयानबाजी करते रहे हैं। मगर अब जब कॉलेज खुला है तो मूलभूत सुविधाएं देने को कोई आगे नहीं आ रहा।
उधर शिक्षा ग्रहण कर रहे छात्र अनुज गौतम, राहुल गौतम, आकाश, अंकिता, दीपिका, सतीश, आशुतोष, सारिका, गरिमा, अतिश, अर्चना, आरती, विक्रम, गीता सहित दर्जनों छात्रों ने बताया कि कम से कम उन्हें बैठने के लिए डेस्क तो मिलने ही चाहिए।
बाक्स….
फर्नीचर के लिए बजट मुहैया करवाया गया है
– राज्य सरकार की ओर से कॉलेज कार्यालय के लिए फर्नीचर बजट मुहैया करवाया गया है। पत्र की इंतजारी की जा रही है। विभाग के उच्च अधिकारियोें को कॉमर्स प्रवक्ता पद को भरने की रिपोर्ट भी भेजी गई है।
– डॉ. इंद्रजीत सिंह, प्राचार्य सराहां कॉलेज

Related posts