जमीन धंसने से सतरेहड़ गांव को खतरा

धर्मपुर (मंडी)। जमीन धंसने से भरौरी पंचायत के सतरेहड़ गांव को खतरा हो गया है। भारी बारिश के चलते गांव में जमीन लगातार धंस रही है। दर्जनों मकानों में दरारें पड़ने से इनके गिरने का खतरा बना हुआ है। लोग घरों को खाली कर सुरक्षित स्थानों पर जाने लगे हैं। सतरेहड़ गांव में पिछले साल से भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। इस बार गांव में करीब सात फीट से भी ज्यादा जमीन धंस गई और एक दर्जन मकानों में दरारें आ गई हैं। खतरे को देखते हुए गांव के लोग सहमे हुए हैं। उपमंडलाधिकारी सरकाघाट रोहित राठौर तथा भू-संरक्षण अधिकारी गांव का दौरा कर चुके हैं। गांव के योगेश कुमार, सुभाष चंद, सोहन सिंह, अच्छर सिंह, पवन कुमार के मकानों को खतरा बना हुआ है। प्रशासन की ओर से तहसीलदार जोगिंद्र पटियाल ने योगेश और अच्छर सिंह को दस-दस हजार और दौलत राम को दो हजार की फौरी राहत दी है।
एसडीएम सरकाघाट रोहित राठौर का कहना है कि जमीन धंसने के कारण लोगों को मकान खाली करने के लिए कह दिया गया है। जियोलाजिस्ट की रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दोबारा नायब तहसीलदार को मौका पर भेज रहे हैं तथा पूरी वास्तुस्थिति जानने की कोशिश की जा रही है। स्थानीय विधायक महेंद्र सिंह ठाकुर ने भी सतरेहड़ गांव पहुंच कर मौका किया तथा स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी हर संभव सहायता की जाएगी। उन्होंने प्रशासन को कड़े निर्देश दिए कि इसमें तुरंत कार्रवाई करें और प्रभावित लोगों की मदद करें।

Related posts