
जोगिंद्रनगर (मंडी)। उपमंडल की ग्राम पंचायत नेरघरवासड़ा के कुंडनी गांव में जमीन धंसने से कई मकानों को खतरा बना हुआ है। ये मकान किसी भी समय जमींदोज हो सकते हैं। शुक्रवार को विधायक गुलाब सिंह ठाकुर ने कुंडनी गांव का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों की समस्या से रूबरू हुए। गांव के रमेश चंद, त्रिलोक चंद, श्याम सिंह, दिले रम, गुड्डी देवी, रमेश चंद, सागर चंद, बिल्लू राम, मुन्नी देवी, शेर सिंह, किशोरी लाल, सुनील कुमार, मीरा थापा, भागी राम और राजेश कुमार के मकानों के धंसने की पुष्टि स्थानीय प्रशासन ने की है। विधायक गुलाब सिंह ठाकुर ने गांव का दौरा कर आशंका जताई कि जमीन धंसने के कारण बस्सी बिजली घर का रेजरवायर भी ध्वस्त हो सकता है। यह मामला विधानसभा में भी उठाया जाएगा और जिलाधीश मंडी से भी इस पर तत्काल कार्रवाई करके प्रभावित परिवारों को वैकल्पिक जमीन और पुनर्वास के प्रबंध करने को कहा जाएगा। आईपीएच विभाग के अधिकारियों को प्रभावित योजनाओं को युद्धस्तर पर बहाल करने के भी निर्देश दिए। कहा कि पंचायतें बारिश से हुए नुकसान की भरपाई और पुनर्निर्माण के लिए प्रस्ताव पारित करके सरकार को भेजें, ताकि इसके लिए बजट की मांग की जाए।
