जमीन धंसने से जंगेल गांव में स्थिति ठीक नहीं

धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर क्षेत्र की भरौरी पंचायत के जंगेल गांव में जमीन धंसने का सिलसिला निरंतर जारी है। मंगलवार को एसडीएम सरकाघाट रोहित राठौर ने राजस्व विभाग की टीम के साथ प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। दल में डीएसपी सरकाघाट संजीव भाटिया और लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता अनिल संगराय भी मौजूद रहे। प्रशासन ने मौके पर स्थिति को देखते हुए गांव को खाली करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
एसडीएम रोहित राठौर ने पूरे गांव के घरों का दौरा किया। जमीन धंसने से लोगों के मकानों में दरारें पड़ने लगी हैं। जिसकी प्रशासन वीडियो रिकार्डिंग कर रहा है। बुधवार को भूवैज्ञानिक इस गांव का दौरा करेंगे। सतरेहड़ और मठी बनवार गांव जैसी घटना अगर जंगेल गांव में घटित होती है तो भारी तबाही मचने का खतरा बना हुआ है। धर्मपुर से स्योह, सिधपुर, तनेहड़ की तरफ जाने वाली सड़क भी इसकी चपेट में आ जाएगी। गांव की स्थिति को देखते हुए डीएसपी सरकाघाट संजीव भाटिया ने लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात करने के आदेश दिए हैं। रविवार को विधायक ठाकुर महेंद्र सिंह भी गांव का दौरा कर चुके हैं तथा उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह अपने मकान खाली कर दें। एसडीएम सरकाघाट रोहित राठौर ने बताया कि प्रशासन ने पंचायत घर भरौरी और पाठशाला भरौरी को खाली करवा दिया है। लोनिवि के अधिशाषी अभियंता के साथ भी इस पर वार्ता की है और उन्हें कहा है कि जहां जमीन धंस रही है। वहां पानी का बहाव न जाने दिया जाए।

Related posts