
शिमला। ढली में नगर निगम के सामुदायिक भवन के पास जमीन धंसने से चार मंजिला भवन को खतरा हो गया है। भवन में दरारें आ गई हैं। रविवार को पार्षद शैलेंद्र चौहान ने प्रभावित स्थल का दौरा किया। इस दौरान नगर निगम के कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे। ठियोग के लाफूघाटी (संधू) निवासी घनश्याम शर्मा के ढली स्थित भवन ‘हरि निवास’ पर खतरे के बादल छा गए हैं। चार मंजिला हरि निवास में 8 परिवारों के 30 से अधिक लोग रहते हैं। घनश्याम शर्मा का कहना है कि उनके भवन के सामने प्राइमरी स्कूल के कमरों का निर्माणकार्य चल रहा है। निर्माण के लिए की जा रही कटिंग से जमीन धंस रही है। जमीन धंसने से उनके भवन में दरारें पड़नी शुरू हो गई हैं। शनिवार को भवन के सामने से जमीन का बड़ा हिस्सा धंसने से खतरा और बढ़ गया है। भवन मालिक घनश्याम शर्मा ने बताया कि स्कूल के भवन के लिए अवैज्ञानिक तरीके से की जा रही खुदाई के कारण उनके भवन को खतरा पैदा हुआ है। उन्हाेंने स्कूल का निर्माण कर रहे ठेकेदार से भवन के सामने आरसीसी की दीवार लगाने की मांग की है, ताकि भवन को नुकसान होने से बचाया जा सके। उधर, शैलेंद्र चौहान ने बताया कि नगर निगम की टीम के साथ प्रभावित स्थल का दौरा किया गया है, ठेकेदार को सुरक्षित तरीके से काम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि यदि आवश्यकता पड़ी तो प्रभावित भवन को खाली करवाकर लोगों को नगर निगम के सामुदायिक भवन में ठहराने का बंदोबस्त किया जाएगा।
