जमीन के विवाद में चलीं लाठियां-पत्थर

पंचरुखी/बैजनाथ (कांगड़ा)। इलाके की पंचायत तरहेल में जमीन के विवाद में दो परिवारों में झड़प हो गई। इसमें एक परिवार के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को टांडा रेफर कर दिया गया है। यहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पिछले दिनों से किशोरी लाल और लेखराज में जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। जबकि मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है। लेकिन शनिवार को इस बात को लेकर फिर विवाद हुआ। शनिवार रात लेखराज व उसके परिवार के सदस्यों ने घर में घुस कर किशोरी लाल व उसके दोनों बेटों पर हमला कर दिया। आरोप है कि लेखराज व उसके परिवार द्वारा लाठी व पत्थरों से किए गए हमले से किशोरी लाल व उसका बेटा सुदर्शन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं तथा दूसरे बेटे संजय को भी चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल हुए किशोरी लाल व सुदर्शन को टांडा रेफर कर दिया गया है। मामले का पता लगते ही बैजनाथ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। उधर, पुलिस जांच अधिकारी प्रकाश चंद ने कहा कि पुलिस ने लेखराज व अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को किसी भी सूरत में बक्शा नही जाएगा।

Related posts