जमीनी विवाद में सगे भाई पर फायर

कंडवाल (कांगड़ा)। पुलिस चौकी कंडवाल के हगवाल गांव के रणवीर सिंह पुत्र प्रकाश चंद ने थाने में दर्ज शिकायत में अपने बड़े भाई तेजवीर सिंह पर जमीनी विवाद पर एयरगन से फायर कर घायल करने का आरोप लगाया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पीड़ित रणवीर सिंह रविवार शाम अपने खेतों में काम कर रहा था कि अचानक उसके बड़े भाई तेजवीर ने एयरगन से उस पर फायर कर दिया। इस दौरान फायर से छर्रे रणवीर सिंह की छाती पर लगे। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल रणवीर सिंह को उपचार के लिए तुरंत नूरपुर अस्पताल ले जाया गया। दोनों भाइयों में काफी समय से जमीनी विवाद चल रहा था तथा मामला कोर्ट में होने के कारण दोनों भाइयों में अकसर तनाव रहता था। इसी विवाद के चलते रविवार शाम को दोनों में कहासुनी के बाद नौबत गोली चलाने तक आ गई। वहीं, इस हादसे में घायल रणवीर सिंह की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। डीएसपी मनोज जोशी ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित कि शिकायत पर आरोपी तेजवीर सिंह के खिलाफ धारा 336, 337 व 506 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया है तथा उसकी एयरगन भी कब्जे में ले ली गई हैं।

Related posts