जमाखोरों से पौने दो क्विंटल प्याज जब्त

धर्मशाला। कांगड़ा जिले के कई होटलों, ढाबों, सब्जी और फल विक्रेताओं की दुकानों पर जिला खाद्य नियंत्रक ने टीम के साथ छापे मारे। जमाखोरों, मुनाफाखोरों और एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए छापे मारे गए। 24 घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर विभिन्न व्यापारिक परिसरों से कब्जे में लिए गए। छापामारी अभियान में जमाखोरों से एक क्विंटल 68 किलोग्राम प्याज जब्त किया गया। 14 मामले जमाखोरी एवं मुनाफाखोरी उन्मूलन आदेश 1977 के अंतर्गत दर्ज किए गए। यह अभियान जिला नियंत्रक बलवंत सिंह के नेतृत्व में चलाया जा रहा है। उपायुक्त कांगड़ा सी पॉलरासु ने बताया कि जिला में गैस की कालाबाजारी एवं जमाखोरी को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया गया है। इस संबंध में कई दिन से एलपीजी की कालाबाजारी एवं खाद्य पदार्थों की मुनाफाखोरी की शिकायतें मिल रही थीं। उन्होंने बताया कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। सभी सब्जी एवं फल विक्रेताओं को रेट लिस्ट प्रदर्शित करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। इन आदेशों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस अभियान में निरीक्षक मनजीत सिंह, अलोक वालिया, कर्म चंद पुरी, मोहिंद्र सिंह धीमान, संदीप सकलानी, सौरव वशिष्ठ, आदर्श शर्मा एवं मदन सिंह शामिल रहे।

Related posts