जब राहुल ने टू व्हीलर से किया गांव का दौरा

औरंगाबाद : कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कल अकाल प्रभावित औरंगाबाद जिले का दौरा किया और ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि पानी और चारे की कमी से निपटने के उपाय जल्द किए जाएंगे। पिंपल गांव का दौरा राहुल के यात्रा कार्यक्रम में शामिल नहीं था लेकिन वह एक ग्रामीण के दोपहिया वाहन पर उसके पीछे बैठकर इलाके का चक्कर लगा आए। राहुल ने निधोना में मनरेगा के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने पानी की भीषण कमी से जूझ रहे लोगों से बात की। कुछ ग्रामीणों ने उनसे तहसील में पानी और अच्छी सड़कों की कमी की शिकायत की।

अकाल प्रभावित गांवों के किसानों और श्रमिकों के साथ बातचीत में गांधी ने कहा, ‘‘अकाल पीड़ित इलाकों में पानी और चारा पहुंचाने का काम युद्धस्तर पर किया जाएगा।’’ उनकी यात्रा से 2 दिन पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने जिले में अकाल राहत उपायों के लिए 10 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता का ऐलान किया। यहां पहुंचने के फौरन बाद राहुल सीधे फुलंबरी तहसील गए, जहां उन्होंने निधोना में ग्रामीणों के साथ बातचीत की। उन्होंने कहा कि विभिन्न योजनाओं का लाभ आखिरी सिरे पर बैठे व्यक्ति तक नहीं पहुंच रहा था लेकिन अब आधार से यह संभव हुआ है। उन्होंने श्रमिकों को दिए गए रोजगार कार्ड का भी निरीक्षण किया। निधोना में उन्होंने एक छोटे-से लड़के को अपने पास बुलाया और अपनेपन से अपना हाथ उसके कंधे पर रखकर उससे बातचीत की।

Related posts