जन्म के लिए दिसंबर शुभ तो नेताओं के लिए नहीं हितकारी

ज्वाली (कांगड़ा)। 2013 समाप्ति की ओर अग्रसर है और इस साल के अंतिम माह दिसंबर में एक अद्भुत संयोग बन रहा है। दिसंबर माह में रवि, सोम और मंगलवार पांच-पांच बार आएंगे। वहीं 11-12-13 के आंकड़ों पर भी अंक ज्योतिषियों की नजर रहेगी। इसके साथ ही 11 दिसंबर को सुबह और रात को जब घड़ी में 8 बजकर 9 मिनट और 10 सेकेंड होंगे तो उस समय 8-9-10-11-12-13 का डिजिट भी खासकर नवजात शिशुओं और उनके अभिभावकों के लिए ऐतिहासिक रहेगा। ज्योतिषियों की राय के अनुसार इस माह तीन दिन का पांच बार आना ग्रह चक्र के अनुसार कई प्रकार के प्रभावों को छोड़ेगा। अखिल भारतीय सरस्वती ज्योतिष इकाई मंच हिमाचल प्रदेश के युवा अध्यक्ष एवं ज्वाली के ज्योतिषी पंडित विपिन शर्मा का कहना है कि यह संयोग इस शताब्दी में पहली और आखिरी बार आएगा। दिनांक 11 अर्थात अंक 2 चंद्रमा ग्रह का अंक है। जिसे अति शुभ माना जाता है। शगुन देते समय भी 11, 101 को प्रमुखता दी जाती है। ताकि कार्य शुभ हो व प्रयोजन सफल होगा। महीना 12 अर्थात अंक 3 गुरु ग्रह का अंक है। वर्ष 2013 अंक 6 को दर्शाता है जोकि शुक्र ग्रह का अंक है। ग्रहों के अनुसार भी इस माह अद्भुत संयोग बनेगा। पंडित विपिन शर्मा का कहना है कि तुला राशि वालों के लिए ग्रहों का इस माह का संयोग ठीक नहीं रहेगा, उनके लिए दौड़ धूप और कष्ट की स्थिति रहेगी। पं. विपिन शर्मा का कहना है कि तुला व अन्य राशि वाले जातकों के लिए इस महीने गाय की सेवा करना उत्तम फलदायक है। एक माह में रविवार, सोमवार और मंगलवार का पांच बार आना संघर्ष का सूचक है तथा ऐसी स्थिति में नेता, उच्च पदस्थ व्यक्ति का अपमानित होना, दल-बदल की स्थिति पैदा होने से सरकार पर संकट आना, सीमावर्ती देशों से द्वंद्व की स्थिति, शीतकालीन फसलों के लिए लाभदायक होगा।

Related posts