जन्माष्टमी पर पुलिस का भी रहेगा पहरा

रिकांगपिओ (किन्नौर)। समुद्रतल से बारह हजार से अधिक फीट की ऊंचाई पर स्थित किन्नौर जिले के यूला कंडा में इस बार भी जिला स्तरीय भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ 27 और 28 अगस्त को मनाया जाएगा। उत्सव के आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस धार्मिक स्थल तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को यूला गांव से आगे कई किमी की पैदल यात्रा करनी पड़ती है। जबकि, विभिन्न जगहों से यूला गांव तक वाहन से भी पहुंचा जा सकता है। यूला कंडा तक कल्पा से होते हुए वाया चाका, पांगी गांव के काशंग तथा भावावैली के सुरचो के रास्ते भी पहुंचा जा सकता है। भगवैण मंदिर कमेटी अध्यक्ष केसर नेगी ने बताया कि प्रति वर्ष यूला कंडा में मनाए जाने वाले कृष्ण जन्माष्टमी पर्व के दिन सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं और भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर सुखी जीवन का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। उन्होंने बताया कि जन्माष्टमी के दिन मंदिर कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था भी की जा रही है। उत्सव के दौरान किसी प्रकार की घटना न हो, इसके लिए पहली बार जिला प्रशासन की ओर से पुलिस बल की तैनाती भी की जा रही है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की है कि अपने साथ प्लास्टिक न लाएं। अगर प्लास्टिक में सामान लाना है तो इस्तेमाल करने के बाद प्लास्टिक अपने साथ ले जाएं तथा श्रद्धालु शराब आदि का सेवन न करें।

Related posts