जनसमस्याओं को लेकर भाजपाई मुखर

टनकपुर। भाजपा कार्यकर्ताओं ने गांवों का भ्रमण कर जनसमस्याओं के समाधान को आवाज उठानी शुरू कर दी हैं। सूखीढांग क्षेत्र का भ्रमण कर लौटी कार्यकर्ताओं की टीम ने सोमवार को उप जिलाधिकारी जसवंत सिंह राठौर को ज्ञापन सौंपकर पोथ न्याय पंचायत क्षेत्र के गांवों में हुए विद्युतीकरण को जल्द सुचारु करने की मांग उठाई।
पार्टी के जिला महामंत्री दीप चंद्र पाठक की अगुवाई में कार्यकर्ता तहसील पहुंचे तथा उप जिलाधिकारी को जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। भाजपाइयों ने कहा कि दुर्गम गांवों की समस्याओं की ओर शासन-प्रशासन मुंह फेरे है। शासन-प्रशासन के इस रुख से विकास की उम्मीद नहीं लगाई जा सकती। ज्ञापन में कहा गया है कि विद्युत विभाग द्वारा पोथ न्याय पंचायत के निगाली, गंगसीर, जलकुनिया, गठला, खर्कलाइजर और पोथ गांव में पांच साल पूर्व विद्युत लाइन बिछाई जा चुकी है, परंतु अब तक विद्युतापूर्ति नहीं की गई है। उन्होेंने विद्युतापूर्ति शीघ्र सुचारु न किए जाने पर पार्टी स्तर पर आंदोलन की चेतावनी दी है। ज्ञापन देने वालों में मंडल महामंत्री कमल पंत, दिगंबर पांडेय, भीम रजवार, शंकर जोशी, दीपक बेलवाल, विनोद वर्मा, भुवन चंद्र पांडेय आदि शामिल थे।

Related posts