
ग्वालियर: पूर्व थल सेना अध्यक्ष जनरल वी.के. सिंह ने अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव लडऩे के संकेत दिए हैं। सिंह ने कल यहां संवाददाताओं से चर्चा के दौरान लोकसभा चुनाव लडऩे के बारे में पूछे जाने पर ये संकेत दिए। उन्होंने कहा कि यदि लोग चाहेंगे तो वह लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे।
एक अन्य प्रश्न के उत्तर में सिंह ने कहा कि यदि ग्वालियर के लोग चाहेंगे तो वह यहां से भी चुनाव लडऩे को तैयार हैं। हालांकि उन्होंने इस बारे में कुछ नहीं बताया कि वह किस दल की ओर से चुनाव लड़ेंगे।
यह पूछे जाने पर कि वह अन्ना हजारे के साथ हैं या अरविंद केजरीवाल के साथ, सिंह ने कहा कि वह केजरीवाल के साथ कभी नहीं रह, बल्कि वह अन्ना हजारे के साथ उस समय आए जब केजरीवाल उन्हें छोडकर जा चुके थे।
पूर्व सैनिकों की मांगों का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को उनकी मांगों को अवश्य मानना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह इस बात का प्रयास कर रहे हैं कि पूर्व सैनिकों के जितने संगठन हैं, वे एक मंच के नीचे आ जाएं। उन्होंने बताया कि देश में पूर्व सैनिकों के 360 संगठन कार्यरत हैं।
