जनपद में राज्य खाद्य सुरक्षा योजना शुरू

गोपेश्वर। प्रभारी मंत्री प्रीतम सिंह पंवार ने जनपद में राज्य खाद्य सुरक्षा योजना का शुभारंभ किया। साथ ही उन्होंने बीपीएल, अंत्योदय परिवारों को योजना के तहत चावल और गेहूं के किट दिए। इस मौके पर 100 पात्र लोगों को योजना से लाभान्वित किया गया। मंत्री ने कहा कि योजना का जनपद के दो लाख 47 हजार 715 परिवारों को लाभ मिलेगा।
जिला पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने कहा कि योजना का किसी भी सूरत में दुरुपयोग नहीं होने दिया जाएगा। जिलाधिकारी योजना की मॉनीटरिंग करेंगे। उन्होंने कहा वार्षिक 15 हजार आय वाले व्यक्ति ही योजना के पात्र लाभार्थी होंगे। उन्होंने काश्तकारों को कृषि और उद्यान के प्रति लगाव रखने का आह्वान किया। कहा कि आपदा से हालांकि कई हेक्टेयर कृषि भूमि नष्ट हो गई है, लेकिन हमें अपनी माटी और थाती का संरक्षण करना जरूरी है।
विधानसभा उपाध्यक्ष व कर्णप्रयाग विधायक डा. एपी मैखुरी ने कहा कि यह कल्याणकारी योजना आपदा प्रभावितों के लिए मील का पत्थर साबित होगी। योजना से एपीएल परिवारों को भी लाभान्वित किया जाएगा। इस मौके पर पिंडर विधायक डा. जीतराम, पालिकाध्यक्ष संदीप रावत, नगर पंचायत अध्यक्ष मुकेश नेगी, भेषज संघ अध्यक्ष अरबिंद नेगी, यूकेडी के पूर्व मुख्य प्रवक्ता सतीश सेमवाल, राजेंद्र नेगी, सुरेश डिमरी, भुवन नौटियाल आदि मौजूद थे। इसके बाद प्रभारी मंत्री ने कलक्ट्रेट में अधिकारियों की बैठक ली।

जिला पंचायत अध्यक्ष व विधायक नहीं पहुंचे
जिला पंचायत अध्यक्ष रजनी भंडारी, विधायक राजेंद्र भंडारी योजना के शुभारंभ पर मौजूद नहीं थे। इसे लेकर कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रकार की चर्चाएं चल रही थी। कार्यक्रम शुभारंभ पर कांग्रेस का एक खेमा मौजूद नहीं था।

Related posts