जनता देगी भ्रष्ट सरकार को जवाब : बब्बू

कुल्लू(भाग सिंह)देश में हो रहे लोकसभा चुनाव में प्रदेश की चारों सीटों पर भाजपा की जीत होगी और जनता कांग्रेस की भ्रष्टाचार सरकार को करारा जवाब देगी। यह दावा प्रदेश भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के महामंत्री जीएस बब्बू ने यहां जारी प्रेस ब्यान में किया है। उन्होंने कहा कि अब जनता कांग्रेस के कुशासन से तंग आ गई है और उन्होंने भाजपा के पक्ष में अपना वोट देने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पिछले चुनाव में जनता से जो वायदे किए थे, उन्होंने पूरा करने में असमर्थ रही है। कांग्रेस के शासन में भ्रष्टाचार, महंगाई तथा बेरोजगारी अपने चरम सीमा पर है। गरीब आदमी रोटी के लिए मोहताज हो गया है। उन्होंने कहा कि पूर्व में धूमल सरकार के समय सारे क्षेत्रों का बिना भेदभाव अथाह विकास किया गया है। जबकि, कांग्रेस सरकार के शासन में विकास कार्यों पर विराम लग गया है। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक वर्ग का कांग्रेस से मोह भंग हो चुका है और कांग्रेस के बड़े नेता कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। यहां तक कि कांग्रेस के कई नेता चुनाव लड़ने से भी आनाकानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अल्पसंख्यक वर्ग को केवल वोट बैंक के लिए इस्तेमाल करती है और चुनावों के बाद उन्हें भूल जाती है। उन्होंने दावा किया कि देश में मोदी की लहर है और इस बार उनके नेतृत्व में देश में एनडीए की सरकार बनेगी।

Related posts