जगह-जगह से धंस रहा एनएच-22

ज्यूरी (शिमला)। भारत तिब्बत हिंदुस्तान राष्ट्रीय राजमार्ग-22 भारी बारिश के कारण कई स्थानों से धंस चुका है। इससे एनएच कभी भी बंद हो सकता है। लेकिन, इतना कुछ होने के बावजूद एनएच प्राधिकरण मार्ग के रखरखाव के लिए पुख्ता प्रबंध नहीं कर पा रहा है।
वर्तमान में उक्त मार्ग रामपुर और ज्यूरी के बीच और निगुलसरी में कई जगह धंस चुका है। झाकड़ी के ब्रौनी नाले, गसो पुल, रतनपुर और मंगलाड पुल के पास सड़क को काफी नुकसान हो गया है। इन स्थानों में कई जगह सड़क धंस चुकी है। जबकि, कई स्थानों पर ल्हासे आ रहे हैं। सड़क में झाकड़ी से खनेरी तक लगे स्टोन क्रशर से भी सड़क को नुकसान पहुंचा रहे हैं। अगर सड़क को जल्द दुरुस्त नहीं किया गया तो सराहन और किन्नौर से सेब मंडियों तक पहुंचाने में मुश्किल हो सकती है। इसके अलावा स्टोन क्रशर का सारा मलबा एनएच पर फेंका जा रहा है, जिससे सड़क खराब हो रही है। इसके चलते यहां से गुजरने वाले वाहनों को भी खतरा बना हुआ है। एनएच के एक्सईएन पासंग नेगी का कहना है कि सड़क को बंद नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जहां-जहां सड़क को खतरा बना हुआ है उस स्थान पर काम करवाया जाएगा और वहां मजदूर और कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिन स्टोन क्रशर की ओर से मलबा फेंका जा रहा है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Related posts