जंजैहली में कार, स्कूटर की टक्कर, एक की मौत

गोहर (मंडी)। जंजैहली बाजार में सेंट्रो कार और स्कूटर की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि एक अन्य व्यक्ति बुरी तरह से घायल हो गया। हादसा शुक्रवार को दोपहर करीब 12 बजे हुआ। मृतक की पहचान रूप लाल (30) पुत्र हेम सिंह निवासी बनयाड तहसील जंजैहली के रूप में हुई है। घायल विरेंद्र कुमार बुराटन गांव का रहने वाला है।
जंजैहली चौकी प्रभारी जीत सिंह ने दुर्घटना की पुष्टि की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार स्कूटर संख्या एचआईडी 5426 जंजैहली से लंबाथाच की ओर जा रहा था। जिसमें दो लोग सवार थे। लंबाथाच से जंजैहली की ओर आ रही एक कार नंबर एचपी 32 ए-1831 जब जंजैहली बाजार पहुंची तो स्कूटर और कार की भिड़ंत हो गई। जिसमें स्कूटर पर सवार रूप लाल बुरी तरह से जख्मी हो गया। उसे सीएचसी जंजैहली उपचार के लिए भर्ती किया गया। जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने कार और स्कूटर को कब्जे में ले लिया है। चौकी इंचार्ज जीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया है। सराज के विधायक जयराम ठाकुर ने दुर्घटना पर गहरा दुख जताया है तथा मृतक के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने प्रशासन और सरकार से मृतक की हर संभव सहायता करने की मांग की है।

Related posts