जंग लड़ने की तैयारी में भामसं

मंडी। भारतीय मजदूर संघ अपनी मांगों को लेकर नौ दिसंबर को रैली निकाल कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करेगा। भामसं की जिला कार्यकारिणी की बैठक भीमाकाली मंदिर परिसर में जिला अध्यक्ष अशोक कुमार पराशर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में भामसं से संबंधित विभिन्न यूनियनों के पदाधिकारियों ने शिरकत की । इसमें संघ की मांगों के प्रति प्रशासन के नकारात्मक रुख को देखते हुए नौ दिसंबर को मंडी में प्रदर्शन करने का फैसला लिया है। वहीं पर भामसं से संबंधित संगठन सेरी चानणी पर क्रमिक अनशन शुरू किया जाएगा। इसमें हर रोज पांच-पांच कार्यकर्ता भूख हड़ताल पर बैठेंगे। भामसं के जिला अध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि भामसं से संबंधित सभी संगठनों ने 22 नवंबर को डीसी के माध्यम से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को ज्ञापन भेजा था। इस पर डीसी की ओर से 15 दिन के भीतर कार्रवाई अमल में लाने का आश्वासन दिया था। लेकिन 15 दिन का समय भी 7 दिसंबर को खत्म होने जा रहा है। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। इसके चलते मजबूरन भामसं की ओर से नौ दिसंबर से प्रदर्शन के अलावा क्रमिक अनशन का फैसला लेना पड़ा है।
बैठक में भामसं से जुड़े देवभूमि टैक्सी यूनियन के प्रधान पवन ठाकुर, अजीत पाल, आटो रिक्शा यूनियन के प्रधान लतेश कुमार, पवन कुमार, एचआरटीसी से सुरेंद्र ठाकुर, निर्माण कामगार संघ के प्रदेश महामंत्री प्रभुनाथ सिंह, ग्रिजेश श्रीवास्तव, रेहड़ी फड़ी यूनियन से सुंदर लाल, राजकुमार, मित्रदेव, प्रदेश सचिव लता ठाकुर, धर्मा शर्मा, जमना कौशल, विकलांग संघ की प्रधान हेमलता पठानिया और अधिवक्ता नरेंद्र गुलेरिया मौजूद रहे।

Related posts