जंगेल गांव में जमीन धंसने का सिलसिला जारी

धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर क्षेत्र की भरौरी पंचायत के जंगेल गांव में जमीन धंसने के कारण करीब एक दर्जन परिवारों को खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने कुछ परिवारों को मकान खाली करने के आदेश कर दिए हैं, ताकि कोई जानमाल का नुकसान न हो। इसी पंचायत के सतरेहड़ गांव में आठ परिवार पहले अपना आशियाना खो चुके हैं। अब खतरा जंगेल गांव में मंडराना शुरू हो गया है।
जंगेल गांव में राम सिंह पुत्र ठाकुर दास, खेम सिंह पुत्र हीरा लाल, राम सिंह पुत्र हच्छू, नरैण सिंह पुत्र दासू, कन्हू राम पुत्र प्रेम सिंह, टेक चंद पुत्र मस्त राम, सरिता देवी, लज्जा देवी पत्नी मेघ सिंह, मनसा देवी पत्नी स्व. जगरनाथ, जमना देवी पत्नी स्व. सोहन सिंह, जैसिंह पुत्र पीरा, लीला देवी पत्नी स्व. दयाल सिंह के रिहायशी मकान को खतरा पैदा हो गया है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने गांव का दौरा कर नुकसान को देखते हुए राम सिंह, मेघ सिंह, राजेंद्र कुमार, विनोद कुमार, मोहन सिंह को मकान खाली करने के आदेश दिए हैं। रविवार को विधायक ठाकुर महेंद्र सिंह ने गांव का दौरा किया। वहीं, तहसीलदार संधोल जोगिंद्र पटियाल ने टीम के साथ गांव में धंस रही जमीन का जायजा लिया और रिपोर्ट तैयार कर एसडीएम सरकाघाट को भेज दी है। जमीन धंसने से देश राज कटवाल की दुकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस बारे में एसडीएम सरकाघाट रोहित राठौर का कहना है कि जिन परिवारों को ज्यादा खतरा है, उन्हें पंचायत घर भरौरी और मिडल स्कूल भरौरी में ठहराने के आदेश दिए गए हैं। वह स्वयं भी मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेंगे।

Related posts