जंगेल गांव में जमीन धंसने का क्रम जारी

धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर विस क्षेत्र के अंतर्गत भरौरी पंचायत के जंगेल गांव में जमीन धंसने का क्रम जारी है। लोगों की कई बीघा जमीन तबाह हो गई है। वहीं, करीब आधा दर्जन परिवारों को भी खतरा बना हुआ है। इसी गांव के निवासी देशराज कटवाल की दुकान में दरारें आ जाने से दुकान खाली कर दी गई है।
भरौरी पंचायत में ही पहले सतरेहड़ गांव में जमीन धंसने से काफी नुकसान हुआ है। करीब आठ मकान पुरी तरह तबाह हो गए हैं। इसी पंचायत के जंगेल में जमीन धंसने की घटना से लोगों को खतरा बना हुआ है। प्रशासन की ओर से तहसीलदार संधोल जोगिंद्र पटियाल टीम के साथ इस गांव का दौरा कर चुके हैं और यहां स्थिति ठीक न होने की रिपोर्ट एसडीएम सरकाघाट को सौंप चुके हैं। अगर प्रशासन समय रहते यहां कोई ठोस उपाय नहीं करता है तो आने वाले समय में कोई बड़ी घटना घट सकती है। जमीन में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं तथा पेड़ नीचे गिर रहे हैं। जिससे गांववासी सहम गए हैं और प्रशासन से सहायता की अपील कर रहे हैं कि जमीन धंसने की प्रक्रिया को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। स्थानीय पंचायत प्रधान दीपक शर्मा और उपप्रधान विनोद शर्मा ने भी प्रशासन से आग्रह किया है कि यहां कोई ठोस प्रबंध कर लोगों को नुकसान होने से बचाया जाए।

Related posts