
गोहर (मंडी)। बसी गांव में किसी अज्ञात जानवर ने हमला कर 19 साल की लड़की को घायल कर दिया। घटना के समय लड़की खेतों में अकेली काम कर रही थी। परिजनों और ग्रामीणों ने घायल अवस्था में लड़की को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोहर पहुंचा। जहां उसका इलाज चल रहा है। डीएफओ पीडी डोगरा ने घटना की पुष्टि की है। 19 वर्षीय लज्जा देवी पुत्री नरेश कुमार निवासी बसी रविवार सुबह करीब नौ बजे खेतों में काम कर रही थी। उस समय उसके साथ कोई भी नहीं था। जंगल की ओर से अचानक एक जानवर आया और खेतों में काम कर रही युवती पर उसने हमला कर दिया। जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गई। जान बचाने के लिए जब लड़की ने शोर मचाया तो ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। तब तक जानवर भाग चुका था। युवती के मुंह और टांग पर चोटें आई हैं। परिजनों ने तुरंत घायल लड़की को गोहर सीएचसी पहुंचाया। जहां उसका उपचार चल रहा है। वन विभाग को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सूचित कर दिया है। डीएफओ पीडी डोगरा ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। लड़की पर हमला करने वाले जंगली जानवर का पता नहीं लग पाया है।
