छोटी हलेड़ में बरसी आसमान से आफत

कांगड़ा/अंद्रेटा (पंचरुखी)। उपमंडल कांगड़ा के एक गांव में आसमानी बिजली गिरने से मकान को नुकसान पहुंचा है। हादसे में मकान की बिजली की वायरिंग के साथ टीवी, डीवीडी व टीवी ट्राली जल गई। इसके अलावा मकान में दरारें भी आई हैं। यह हादसा पंचायत जोगीपुर के तहत छोटी हलेड़ में स्थित कांता देवी के घर में पेश आया।
रविवार सुबह आसमानी बिजली कमला देवी के घर पर गिरी। इस घटना में लगभग एक लाख रुपए के नुकसान आकलनबताया जा रहा है। पंचायत प्रधान राजकुमार जसवाल ने घटना का जायजा लिया। प्रधान ने बताया कि पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता भी प्रदान करने के लिए प्रशासन से मांग की गई है। उधर, एसडीएम कांगड़ा अजीत भारद्वाज ने बताया कि पटवारी को नुकसान का आंकलन करने के निर्देश जारी किए हैं। जो भी नुकसान का मुआवजा बनेगा, वह पीड़ित परिवार को प्रशासन की ओर से दिया जाएगा।
उधर, पंचरुखी ब्लाक खंड की पंचायत टटैहल में रविवार सुबह आसमानी बिजली गिरने से पंचायत भवन जर्जर हो गया है। इससे पंचायत को करीब डेढ़ लाख रुपए का नुकसान हो गया है। जानकारी के अनुसार रविवार को खराब मौसम के चलते टटैहल पंचायत भवन पर सुबह करीब दस बजे आसमानी बिजली गिरी। बताया जाता है कि रविवार होने के कारण पंचायत घर में कोई नहीं था। अन्यथा कोई बड़ा हादसा हो सकता था। पंचायत प्रधान राकेश कुमार ने आसमानी बिजली गिरने की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रशासन को सूचित कर दिया गया है।

Related posts