छोटी सी उम्र में भरी ऊंची उड़ान

नालागढ़ (सोलन)। मन में यदि कुछ कर गुजरने का जज्बा हो तो उम्र भी बाधक नहीं बनती। छोटी सी उम्र में जब उसे बड़ा दायित्व मिला तो सभी ने कहा कि क्या यह बच्ची इस मुहिम को चला पाएगी? बावजूद इसके उसने इस अवधारणा को गलत साबित कर दिखाया। आज यही 16 वर्षीय बालिका हरियाणा सरकार की ओर से कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ चलाई गई मुहिम की ब्रांड एंबेसडर है। यह जज्बा दिखाया है चंडीगढ़ निवासी सेवानिवृत्त कामर्शियल पायलट दीपक और सेवानिवृत्त प्रवक्ता मीना कुमारी की पुत्री ईशिता उप्पल ने।
शिता फाउंडेशन के नाम से चल रही समाजसेवी संस्था की ओर से नालागढ़ में कन्या छाया योजना के शुभारंभ पर ईशिता उप्पल को विशेष तौर पर आमंत्रित किया गया था। भ्रष्टाचार को जड़ से मिटाने और कन्याओं के संरक्षण का सपना संजोए ईशिता अपने माता-पिता को आदर्श मानती हैं। वह कहती हैं उन्हें यह प्रेरणा मदर टेरेसा से मिली है। मदर टेरेसा के बारे में सुना तो वह स्वत: ही समाजसेवा के भाव से जुड़ गईं। बकौल, ईशिता वह कई समारोहों में शरीक होती रहीं। एक समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से उनकी मुलाकात हुई। वह उनके जज्बे को देखकर बहुत प्रसन्न हुए। उन्होंने ईशिता को 19 नवंबर, 2009 को हरियाणा सरकार की ब्रांड एंबेसडर बना दिया। ईशिता ने कहा कि वह हरियाणा के अलावा दिल्ली, पंजाब और मुंबई आदि में 100 से अधिक कार्यक्रमों का हिस्सा बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को जहां जागरूक होना होगा, वहीं बुजुर्गों को भी कन्याओं के प्रति अपनी सोच बदलनी होगी।

Related posts