छोटा सा वार्ड और समस्याओं का अंबार

रामपुर बुशहर (संदीप वर्मा)कहने को तो रामपुर का वार्ड नंबर दो सबसे छोटा वार्ड है, लेकिन मूलभूत सुविधाओं के मामले में इसकी हालत भी अन्य वार्डों से बेहतर नहीं है। कहीं रास्ता नहीं है, तो कहीं सीवरेज का पानी खुले में बह रहा है। सड़कों पर रेत बजरी के ढेर लगे हैं तो स्ट्रीट लाइटें भी खराब हैं। यहीं नहीं सबसे बड़ी समस्या यातायात की है। यहां मूलभूत सुविधाओं के अभाव में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस वार्ड में आईपीएच, फील्ड होस्टल, लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, हाउसिंग बोर्ड और विद्युत विभाग के कर्मचारियों की रिहायशी कॉलोनी हैं।
वार्ड के पाटबंगला से बस स्टैंड की ओर जाने वाली सड़क में दिन रात दनदनाती गाड़ियों के शोर और प्रदूषण के कारण लोगों की नींद हराम हो गई है। सड़क तंग होने के कारण गाड़ियों को पास देने के समय बिजली का पोल भी हादसों को दस्तक दे रहा है। कहीं रास्ते की समस्या है तो कहीं सीवरेज की, तो कहीं लाइटें खराब हैं। वहीं कई जगत तो सड़क में ही रेत-बजरी उतारी जा रही है। वार्ड नंबर दो लोनिवि और आईपीएच कॉलोनी के लोगों में चंद्रकांता, मुस्कान, राम देवी, दुर्गा दत्त मेहता, लीला देवी, अरुण, नवल किशोर और सविता शर्मा का कहना है कि दिन रात गाड़ियों के शोर से जीना हराम हो गया है। इससे स्कूल और कॉलेज में पढ़ने वाले बच्चों की पढ़ाई पर भी बुरा प्रभाव पड़ रहा है। धूल होने के कारण लोगों को अपनी खिड़कियां और दरवाजे बंद करने को मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं, बिजली के पोल भी सड़क किनारे होने से हादसों को निमंत्रण दे रहे है। उन्होंने बताया कि लवी मेले के समय भी यहां लगभग माह भर सफाई, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था राम भरोसे रहती है, जबकि नगर परिषद को मेला ग्राउंड और आसपास की सड़कों पर स्टॉल के आवंटन से भारी आमदन होती है। बावजूद इसके लोगों को डर और प्रदूषण के साये में जीने को मजबूर होना पड़ता है। लोगों ने पाटबंगला चौक के पास ट्रैफिक पुलिस तैनात करने की मांग की है। वहीं, तेज रफ्तार गाड़ियों के चलते वार्ड नंबर दो के शिशु पार्क में भी बच्चों का खेलना सुरक्षित नहीं है। हालांकि इस वार्ड में 40 नई दुकानों का बनना प्रस्तावित है।
बाक्स
क्या कहती हैं वार्ड नंबर दो की पार्षद
वार्ड नंबर दो की पार्षद सुषमा मखैक का कहना है कि उन्होंने हमेशा अपने वार्ड की अधिकतर समस्याओं को हल किया है। उन्होंने कहा कि जहां सीवरेज की समस्या है उसे आईपीएच के ध्यान में लाया जाएगा। वहीं उन्होंने लाइट और रास्ते की समस्या को भी जल्द ही हल करने की बात की।

Related posts