छेड़छाड़ की पीड़िता ने लगाई न्याय की गुहार

धर्मशाला। एक नाबालिग ने एएसपी मोहित चावला से छेड़छाड़ के आरोप की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पीड़िता के अनुसार ढांगू पीर पुलिस चौकी में मामला दर्ज करवाया था। लेकिन, अभी तक पुलिस मामले में निष्पक्ष जांच नहीं कर पाई है। पीड़िता ने पुलिस चौकी में 24 अगस्त को एफआईआर दर्ज करवाई थी। 24 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस युवक से पूछताछ नहीं कर पाई है। हालांकि पुलिस ने आईपीसी की धारा 354, 342, 323 के तहत मामला दर्ज किया है।
पीड़िता ने बताया कि 24 अगस्त को वह अपने घर के बाहर पानी भर रही थी। इसी दौरान युवक ने उसे कहा कि घर में उसकी मां उसे बुला रही है। पीड़िता जब युवक के घर पहुंची तो युवक ने दरवाजा बंद करके उसके साथ छेड़छाड़ की। ऐसे में जब वह भागने लगी तो युवक ने उसे दबोच लिया। इसके बाद पीड़िता ने सारी बात अपनी मां को बताई। इसके बाद पुलिस चौकी में मामला दर्ज करवाया था। मगर, अभी तक इस मामले में कोई भी कार्रवाई नहीं हो पाई है। पीड़िता के अधिवक्ता विनय सोनी ने बताया कि पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। अभी तक पुलिस ने मामले को कोर्ट में सुनवाई के लिए नहीं भेजा है।
वहीं, एएसपी मोहित चावला ने बताया कि मामले को लेकर चौकी प्रभारी से संपर्क किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस मामले में निष्पक्ष जांच के आदेश दिए जाएंगे। आरोप तय होने पर पुलिस युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाएगी।

Related posts