
बाजपुर। छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने का आरोपी पुलिस कस्टडी से फरार हो गया, जिससे हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पहरा ड्यूटी और अन्य पुलिस कर्मियों ने आरोपी के पीछे दौड़ लगा दी। आरोपी को रामराज रोड स्थित तीन मंदिर के पास से दबोच लिया।
उल्लेखनीय है कि बुधवार को छात्रा के साथ छेड़छाड़ के आरोपी शंकर निवासी संजय कालोनी को पकड़कर ग्रामीणों ने पुलिस को सौंपा था। छात्रा के पिता की ओर से शंकर सहित चार युवकों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी गई थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धारा 147, 354, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। बृहस्पतिवार की दोपहर करीब दो बजे कोतवाली पुलिस कस्टडी में मौजूद आरोपी युवक शौच के लिए बाहर निकाला। मौका पाकर उसने दौड़ लगा दी। पहरे पर तैनात कांस्टेबल अरविंद चौहान, अभिसूचना इकाई के हैड कांस्टेबल राकेश कांडपाल समेत अन्य पुलिस कर्मियों ने आरोपी को पकड़ने के लिए दौड़ लगा दी।
इस दौरान एलआईयू कर्मी सड़क पर गिर कर चोटिल हो गए। पुलिस कर्मियों ने बमुश्किल रामराज रोड स्थित तीन मंदिर से आरोपी को दबोच लिया। उधर मुख्य बाजार में अचानक पुलिस कर्मियों के दौड़ने से अफरा-तफरी मच गई। आरोपी को पकड़ कर कोतवाली लाया गया। जहां लोगों की भीड़ लग गई।
