छुरपक पंप पर आठ बजे लटका जाता है ताला

उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। लेह लद्दाख, लाहौल-स्पीति और पांगी घाटी की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों को रात होने पर पेट्रोल नहीं मिलता। रात आठ से सुबह छह बजे तक छुरपक पंप बंद रहता है। इस कारण लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है। लाहौल-स्पीति जिला के छुरपक स्थित एकलौते पैट्रोल पंप पर रात आठ बजे के बाद आपूर्ति बंद कर दी जाती है। इस मामले से जिला प्रशासन और एलपीएस प्रबंधन भी अवगत है लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही।
इन दिनों लेह-लदख के लिए आर्मी की सप्लाई जोरों पर है। पांगी घाटी के लिए खाद्य सामग्री सहित लाहौल से मटर और अन्य सब्जियों की सप्लाई की जा रही है लेकिन रात आठ बजे के बाद पैट्रोल और डीजल नहीं मिलने से वाहन चालक परेशान हैं। मनाली से इस ओर निकलने के बाद वाहन चालकों को लाहौल के छुरपक पैट्रोल पंप में तेल मिलने के बाद आगे लेह लद्दाख तक कहीं भी रास्ते में तेल नहीं मिलता। वाहन चालकों के साथ किसानों और व्यापारियों का कहना है कि इन दिनों भरे सीजन के बीच पैट्रोल पंप को इतनी जल्दी बंद नहीं करना चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि इस पैट्रोल पंप को देर रात और सुबह जल्दी खुलवाने की व्यवस्था करें। डीसी वीर सिंह ठाकुर ने बताया कि मामला अभी तक उनके ध्यान में नहीं आया है। ठाकुर ने बताया कि ऐसा है तो वे एलपीएस प्रबंधन से बात करेंगे।

Related posts