
भरमौर (चंबा)। शीतकालीन स्कूलों में अवकाश के बारे में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। इस बारे में अभी तक शिक्षा निदेशालय की ओर से किसी प्रकार की नोटिफिकेशन जारी नहीं की है। इसके चलते शिक्षक असमंजस में है कि इस बार छुट्टियां नई समय सारणी के मुताबिक होंगी या पुरानी समय सारिणी के हिसाब से। हालांकि शीतकालीन स्कूलों में वार्षिक परीक्षाएं पुरानी समय सारणी के आधार पर हो गईं हैं और कुछ स्कूलों में चल रही हैं। पुरानी समय सारिणी के तहत पहली से नौंवी कक्षा तक की वार्षिक परीक्षाएं दिसंबर माह में हो जाती है और 31 दिसंबर को परीक्षा परिणाम घोषित किया जाता है, लेकिन अभी तक निदेशालय की ओर से यह तय नहीं किया गया है कि इस बार छुट्टियां किस हिसाब से पड़ेंगी। पुरानी समय सारिणी के तहत शीतकालीन स्कूलों में पहली जनवरी से 18 फरवरी तक अवकाश रहता है, जबकि नई समय सारिणी के मुताबिक पहली जनवरी से छह फरवरी तक छुट्टियां पड़ेंगी। जनजातीय क्षेत्र भरमौर व पांगी में अधिक बर्फबारी होने पर अवकाश की तिथि बढ़ा भी दी जाती है। गौर रहे उपमंडल भरमौर में लगभग 200 स्कूल चल रहे हैं। इन स्कूलों के अध्यापक शिक्षा विभाग की नोटिफिकेशन के इंतजार में हैं। अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के सचिव किशन पखरेटिया, शिक्षक प्रीतम, बाबू राम, करनैल सिंह, संजय कुमार और सुरेंद्र ने शिक्षा विभाग से मांग की है कि जल्द समय सारिणी की नोटिफिकेशन जारी की जाए।
प्रारंभिक शिक्षा उप निदेशक सुरेंद्र सिंह पठानिया ने बताया कि अवकाश की समय सारिणी के बारे में विभाग के पास किसी प्रकार की नोटिफिके शन निदेशालय से नहीं पहुंची है। उन्होंने कहा कि परीक्षाएं पुरानी समय सारिणी के आधार पर हो रही है, तो हो सकता है छुट्टियां भी पुरानी समय सारिणी के आधार पर ही पड़ेंगी।
